देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। वैज्ञानिक राजगोपाल चिदंबरम का निधन हो गया है। उन्होंने देश में 1975 और 1998 के परमाणु परीक्षणों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिग्गज वैज्ञानिक राजगोपाल चिदंबरम का निधन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वैज्ञानिक राजगोपाल चिदंबरम ने आज शनिवार तड़के (4 जनवरी 2025) 88 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक डीएई की ओर से एक बयान जारी किया गया। जिसमें कहा गया कि, ‘‘हम अत्यंत दुख के साथ सूचित करते हैं कि प्रख्यात भौतिक विज्ञानी और भारत के सबसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों में से एक डॉ. राजगोपाल चिदंबरम का शनिवार तड़के 3.20 बजे निधन हो गया। भारत की वैज्ञानिक और रणनीतिक क्षमताओं में डॉ. चिदंबरम के अद्वितीय योगदान और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में उनके दूरदर्शी नेतृत्व को हमेशा याद किया जाएगा।’’
किया गया सम्मानित
रिपोर्ट्स के मुताबिक चिदंबरम का जन्म 11 नवंबर, 1936 को चेन्नई में हुआ था। भारत के परमाणु हथियार कार्यक्रम में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 1998 में पोखरण-2 परमाणु परीक्षण के दौरान परमाणु ऊर्जा विभाग की टीम का नेतृत्व किया। उनके योगदान ने भारत को वैश्विक मंच पर एक परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित किया। उन्हें साल 1975 और साल 1999 में पद्म श्री और पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।