शौर्य को नमन: बागेश्वर में कारगिल विजय दिवस पर भव्य कार्यक्रमों की तैयारी, क्रॉस कंट्री रेस और सांस्कृतिक आयोजनों से शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

बागेश्वर: जनपद में आगामी कारगिल विजय दिवस को शौर्य दिवस के रूप में पूरी भव्यता के साथ मनाने की तैयारी है।  जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की

बैठक का आयोजन

जिसमें उन्होंने आयोजन की रूपरेखा तय की और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में पूरा जिला शहीदों के बलिदान को याद करेगा। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6 बजे होगी।
• ​सुबह 6 बजे: भागीरथी बायपास से डिग्री कॉलेज गेट तक क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन।
• ​सुबह 8 बजे: नुमाइशखेत से प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जिसमें स्थानीय नागरिक और युवा हिस्सा लेंगे।
• ​सुबह 9 बजे: तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद परिसर में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
• ​सुबह 10 बजे: मुख्य कार्यक्रम संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम (कलेक्ट्रेट रोड) में होगा। यहाँ शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा और देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए वीर शहीदों को याद किया जाएगा।

प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण

जिला प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शहीद स्मारकों और कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई व साज-सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस विभाग को क्रॉस कंट्री रेस और प्रभातफेरी के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

रहे उपस्थित

इस बैठक में उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, सहायक अधिकारी सूबेदार मेजर आनंद गिरी, कल्याण कार्यकर्ता कैलाश पंत व दिलीप खेतवाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय साह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।