इजराइल दौरे में पीएम नरेंद्र मोदी की पोशाक में दिखी उत्तराखंड की ब्रह्मकमल टोपी, फिर आई चर्चा में

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इजराइल दौरे में उनकी पोशाक में शामिल होने से उत्तराखंड की ब्रह्मकमल टोपी एक बार फिर काफी चर्चा में आ गई है।

चर्चा में यह टोपी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पूर्व वर्ष 2022 के गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रह्मकमल पहाड़ी टोपी पहनी थी, और तब से यह पहाड़ी टोपी देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान बन गई। वहीं अब इजराइल दौरे में उनके पोशाक में शामिल होने से उत्तराखंड की ब्रह्मकमल टोपी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

मसूरी में हुआ निर्माण

इजराइल में पीएम मोदी के पहाड़ी ब्रह्मकमल टोपी को धारण करने से इसके डिजाइनर समीर शुक्ला बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि इस टोपी का निर्माण मसूरी में किया गया। इस टोपी को उन्होंने छह रंगों में तैयार किया गया था और इन सभी रंगों की टोपी प्रधानमंत्री मोदी को भेजी गई थी, लेकिन सबसे पहले वर्ष 2017 में यह टोपी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पूर्व सीडीएस जनरल विपिन रावत को भेजी थी। वर्ष 2017 में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस (नौ नवंबर) पर इसे औपचारिक रूप से लांच किया गया था। टोपी में राज्य पुष्प ब्रह्मकमल का प्रतीक अंकित किया गया है। ब्रह्मकमल उत्तराखंड का राज्य पुष्प और देवपुष्प है। केदारनाथ में भगवान शिव की पूजा में इस पुष्प का विशेष महत्व है।