सालम शहीद दिवस पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरव पांडेय ने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आज़ादी के लिए प्राणों की आहुति देने वाले शहीद नर सिंह धानक और शहीद टीका सिंह कन्याल सदैव अमर रहेंगे।
शहीदों के बलिदान को याद
उन्होंने बीते कल सालम शहीद दिवस पर कहा कि सालम के महान क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों की तोपों का मुकाबला पत्थरों से किया था। यह साहस और बलिदान भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। 25 अगस्त 1942 को सालम की पावन भूमि पर नर सिंह धानक और टीका सिंह कन्याल ने राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे।क्रांतिकारी राम सिंह धौनी जी और दुर्गा दत्त शास्त्री के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही सालम क्रांति का उदय हुआ। उन्होंने कहा कि सालमवासियों के हृदय में शहीदों के प्रति जो सम्मान और श्रद्धा है, वह काबिले तारीफ़ है और युवाओं को इनके जीवन से राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से यहाँ के इतिहास और बलिदान को सहेजने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सालम क्रांति पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म का निर्माण हुआ है, जिससे नई पीढ़ी को इस गौरवशाली इतिहास की जानकारी मिल रही है। साथ ही, शहीद नर सिंह धानक और शहीद टीका सिंह कन्याल की भव्य मूर्तियों की स्थापना कर उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि “देश की आज़ादी में सालम के क्रांतिकारियों का योगदान सदैव अमर रहेगा।