अल्मोड़ा: प्रसिद्ध ऐतिहासिक माँ नंदा देवी मेले (16 से 23 सितंबर 2026) के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट व डायवर्जन प्लान जारी किया है। इस संबंध में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता को किसी भी असुविधा से बचाने के लिए एल.आर. साह रोड पर एन.टी.डी. से शिखर तिराहे तक यातायात में आंशिक बदलाव किए गए हैं।
प्रमुख रूट डायवर्जन प्लान
• दन्या व पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले वाहन: अल्मोड़ा और हल्द्वानी जाने वाले सभी चौपहिया वाहन एन.टी.डी. तिराहा से धारानौला-करबला होते हुए अपने गंतव्य की ओर निकलेंगे।
• बागेश्वर से आने वाले वाहन: बागेश्वर रूट से अल्मोड़ा आने वाले चौपहिया वाहन एन.टी.डी. से धारानौला-करबला मार्ग अथवा एन.टी.डी. से लक्ष्मेश्वर-पांडेखोला मार्ग का प्रयोग करेंगे।
• एल.आर. साह रोड पर प्रतिबंध: एन.टी.डी. से शिखर की ओर जाने वाले चौपहिया वाहनों की आवाजाही सुबह के समय सामान्य रहेगी, जिसके बाद मेला समाप्ति तक आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
• दोपहिया वाहनों पर रोक: एल.आर. साह रोड पर शिखर से साई मंदिर के बीच शाम 04:30 बजे से मेला समाप्ति तक दोपहिया वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
• स्कूली वाहनों के नियम: जिन स्कूल वाहनों को एल.आर. साह रोड की अनुमति है, वे छुट्टी के समय साई मंदिर से शिखर की ओर न जाकर एन.टी.डी. मार्ग से वापस लौटेंगे।
• डोला (पालकी) यात्रा के समय पूर्ण बंदी: माँ नंदा-सुनन्दा देवी के भव्य डोले के भ्रमण के दौरान एल.आर. साह रोड और मॉल रोड पर सभी प्रकार के दोपहिया व चौपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
• अन्य मार्ग: धारानौला रोड, मॉल रोड और लोअर मॉल रोड पर यातायात सामान्य दिनों की तरह ही चलेगा।
निर्धारित पार्किंग स्थल
• चौपहिया वाहन (अस्थाई पार्किंग): जेल कैंप के निकट मोर्चरी के पास।
• दोपहिया वाहन: शिखर तिराहा के पास स्थित भैरव पार्किंग।
•
पुलिस प्रशासन ने की यह अपील
अल्मोड़ा पुलिस ने सभी वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क किनारे नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।