◆ मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने , अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी समस्याओं को उन्नति पोर्टल पर अपलोड किया जाए ताकि सभी सम्बन्धित विभागों को जानकारी हो कि कौन सा प्रकरण किस स्तर तक लंबित है, जिससे उसका समाधान किया जा सके।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के अंतर्गत हवाई सेवाएं प्रारंभ किये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
◆ स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि आगामी सात अप्रैल को प्रदेशभर के अस्पतालों में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। जिसमें विभिन्न कारणों से स्वास्थ्य पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
◆ प्रदेश में लाइन लॉस कम करने की कवायद में जुटा यूपीसीएल अब विद्युत चोरी वाले इलाकों में लाइनों को भूमिगत करने की योजना पर काम कर रही हैं।
◆ हरिद्वार के कनखल क्षेत्र के सतनाम साक्षी गंगा घाट पर दो सगे नाबालिग भाई गंगनहर में डूब गए। भाई को बचाने के चक्कर में छोटा भाई भी गहरे पानी में उतर गया।
◆ परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने रोडवेज के चार डिपो को खत्म करने के फैसले पर रोक लगा दी। उन्होंने कहा कि पहाड़ के किसी भी डिपो को बंद न किया जाएगा।
◆ मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। उत्तराखण्ड के विकास में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में संचालित विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े जिलों में हिम प्रहरी योजना लागू किये जाने का अनुरोध किया।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की और मंदिर के पुजारी से विश्वनाथ मंदिर के पौराणिक इतिहास की जानकारी ली।
◆ मुख्यमंत्री धामी ने मुख्य सचिव को समय पर कार्यालय न आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर ऑफिस पहुंचे और ऑफिस टॉइम में पूर्ण मनोयोग से कार्य करें।