◆ रामनगर वन प्रभाग की फतेहपुर रेंज में पिछले तीन महीने से आतंक का पर्याय बन चुके आदमखोर बाघ की तलाश जारी है। हालांकि, अब तक वन विभाग को कोई सफलता हाथ नहीं लग पाई है। कुछ दिन पहले आदमखोर बाघ की तलाश के लिए ट्रैप कैमरा और पिंजरे भी लगाए गए थे।
◆ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का धर्मनगरी हरिद्वार में 27 मार्च को एक दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति यहां दिव्य प्रेम सेवा मिशन के रजत जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसको लेकर जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने तैयारियों को जायजा लिया।
◆ अल्मोड़ा के विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान परिक्षेत्र हवालबाग में किसान मेले आयोजन किया गया। साथ ही किसानों के पांच दिवसीय कृषि और तकनीकी प्रशिक्षण भी आज संपन्न हो गया है। किसान मेले में सभी जिलों के किसानों ने प्रदर्शनी लगाई है। मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी वंदना ने किया।
◆ योगी आदित्यनाथ के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर उत्तराखंड स्थित पौड़ी जिले में उनके गांव पंचूर में भी जश्न मनाया गया। शपथ समारोह को देखने के लिए गांव में तैयारी की गई था। योगी आदित्यनाथ के दूसरी बार शपथ लेने से उनके गांव में खुशी का माहौल है।
◆ उत्तराखण्ड सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य में समान नागरिक संहिता के क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञों की समिति बनाई जाएगी। कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह जानकारी दी।
◆ उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दृष्टिगत ऋषिकेश, मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला की यातायात व्यवस्था को सम्भालने के लिए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
◆ उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा का पहला सत्र 29 मार्च से शुरू होगा, यह सत्र तीन दिन तक चलेगा।
◆ तपोवन क्षेत्र के नीम बीच पर गाजियाबाद के दो पर्यटकों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पर्यटकों के शव बरामद कर लिए है।
◆ रोडवेज के मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने शराब के नशे में ड्यूटी करने और काम में लापरवाही करने पर दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इसमें एक वरिष्ठ लिपिक और एक कंडक्टर के नाम शामिल हैं।
◆ सदी के महानायक अमिताभ बच्चन शुक्रवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। बिग बी को देखने के लिए फैंस बड़ी संख्या में पहुँचे।
◆ उत्तराखंड बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि यूनिसेफ और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की ओर से पिछले साल एक रिपोर्ट जारी की गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक कोविड महामारी की वजह से बड़ी संख्या में बच्चे बाल श्रम में फंस सकते हैं।