यूक्रेन- रूस युद्ध : पोलैंड की सीमा के निकट एक रूसी हवाई हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत, 134 घायल

यूक्रेन में पोलैंड की सीमा के निकट एक रूसी हवाई हमले में कम से कम 35 लोग मारे गए, जबकि 134 घायल हो गए हैं।

लड़ाकू विमानों ने यावोरिफ अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा केन्द्र पर 30 रॉकेट दागे

क्षेत्रीय गर्वनर मैक्सिम कोजित्सकी ने बताया कि रूस के लड़ाकू विमानों ने यावोरिफ अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा केन्द्र पर 30 रॉकेट दागे। इनमें से कुछ को नाकाम कर दिया गया। ये सैन्य प्रशिक्षण स्थल पोलैंड की सीमा से 25 किलोमीटर से भी कम की दूरी पर स्थित है। 360 वर्ग किलोमीटर में फैला यह संस्थान यूक्रेन के सबसे बड़े संस्थानों में से एक है।

18 दिन से जारी है युद्ध

यूक्रेन में 18 दिन से जारी रूस के हमलों में निशाना बने स्थानों में यह पश्चिम की ओर अभी तक का सुदूरतम ठिकाना रहा है। यहां अमरीका और अन्य नाटो देशों से आए प्रशिक्षक यूक्रेन के सैन्य कर्मियों को प्रशिक्षण देते रहे हैं। यहां नाटो सैन्य बलों की अंतर्राष्ट्रीय ड़्रिल भी आयोजित हो चुकी हैं।

पश्चिमी शहर इवानो फ्रेनक्विस्क को भी निशाना बनाया

रूस के लड़ाकू विमानों ने स्लोवाकिया और हंगरी से लगती यूक्रेन की सीमा से 250 किलोमीटर भीतर पश्चिमी शहर इवानो फ्रेनक्विस्क को भी निशाना बनाया। शहर के मेयर के मुताबिक इसका मकसद घबराहट और भय फैलाना लगता है।