उत्तराखंड: नये साल से बाहर से आने वाले वाहनों की एंट्री पर लगेगा ‘ग्रीन सेस’, इतना लगेगा चार्ज

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में अब नये साल में वाहनों को लेकर कुछ जरूरी बदलाव हो रहे हैं। जिसमे उत्तराखंड आने वाले वाहनों से ग्रीन सेस की वसूली की जाएगी।

ग्रीन सेस

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले अन्य राज्यों के वाहनों को विभन्नि श्रेणियों में 80 से 700 रुपये तक ग्रीन सेस चुकाना होगा। कुछ दिनों पहले इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवहन विभाग को इस व्यवस्था को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए थे। परिवहन अधिकारियों का प्रयास है कि इसे 01 जनवरी से लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा दूसरे राज्यों के दो पहिया वाहन, केंद्र-राज्य सरकार, दूसरे प्रदेशों के सरकारी वाहन, ट्रैक्टर, ट्रैलर, रोड रोलर, कंबाइन हार्वेस्टर पर ग्रीन सेस लागू नहीं होगा। इसके साथ ही शव वाहन, एंबुलेंस, फायर टेंडर, और सेना के वाहन भी ग्रीन सेस से मुक्त रहेंगे। विद्युत बैटरी, सोलर, हाईब्रिड और सीएनजी से चलने वाले वाहनों को भी ग्रीन सेस में छूट रहेगी।

कटेगा इतना पैसा

उत्तराखंड में जब बाहरी राज्यों के वाहन प्रवेश करेंगे, उनसे स्वत: ग्रीन सेस कट जाएगा। अब ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरों के माध्यम से ग्रीन सेस कटेगा। इसमें वाहन के प्रवेश के समय नंबर प्लेट की यह कैमरा पहचान करेगा। जिके आधार पर फास्टैग खाते से पैसा कटेगा। जिसमें भारी वाहनों पर एक्सेल के अनुसार 450 से 700 रुपये तक ग्रीन सेस लगेगा, जबकि भारी निर्माण उपकरण वाहनों से 250 रुपये वसूले जाएंगे। 7.5 से 18.5 टन के वाहनों से 250 रुपये, 3 से 7.5 टन तक के हल्के माल वाहनों से 120 रुपये और तीन टन तक की डिलीवरी वैन से 80 रुपये लिए जाएंगे। वहीं 12 सीट से अधिक की बसों पर 140 रुपये तथा मोटर कैब, मैक्सी कैब और पैसेंजर कार पर 80 रुपये ग्रीन सेस तय किया गया है।