उत्तराखंड: चमोली के पीपलकोटी परियोजना में बड़ा हादसा, अंधेरी सुरंग में टकराईं दो लोको ट्रेनें, 60 मजदूर हुए घायल

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीबीएम साइट पर मंगलवार को देर शाम बड़ा हादसा हो गया।

लोको ट्रेन और एक सामान ढोने वाली ट्रेन के में टक्कर

जिसमें विष्णुगाड पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की पीपलकोटी सुरंग में श्रमिकों और अधिकारियों को लेकर जा रही एक लोको ट्रेन और एक सामान ढोने वाली ट्रेन आपस में टकरा गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिफ्ट परिवर्तन के दौरान सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों के बीच टक्कर हुई। इस हादसे के समय 109 श्रमिक सुरंग के भीतर मौजूद थे। जिसमें से 60 घायल हो गए‌। इस संबंध में चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर है।

घायलों का जाना हाल

इस हादसे की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना। इसके साथ ही चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि इनमें से 42 घायल मजदूरों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में और 17 घायल मजदूरों का उपचार विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में किया जा रहा है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।