उत्तराखंड: उपलब्धि: संस्था ‘रोशनी सोसाइटी’ हुई सम्मानित, मिला प्रतिष्ठित ‘डॉ. रीता पेशावरिया मेनन एवं श्रीमती प्रेमलता पेशावरिया राष्ट्रीय पुरस्कार’

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड की एकमात्र राष्ट्रीय न्यास पंजीकृत संस्था ‘रोशनी सोसाइटी’ को सम्मानित किया गया है।

मिला यह पुरस्कार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सोसायटी को बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के अधिकारों, पुनर्वास और अभिभावकों के सशक्तिकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित ‘डॉ. रीता पेशावरिया मेनन एवं श्रीमती प्रेमलता पेशावरिया राष्ट्रीय पुरस्कार’ प्रदान किया गया। यह सम्मान लखनऊ स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय अभिभावक बैठक में एनआईईपीआईडी (राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान) और ‘परिवार’ (देशभर के अभिभावक समूहों का महासंघ) ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।

किया गया सम्मानित

इस संबंध में रोशनी सोसाइटी के सचिव गोविंद मेहरा ने बताया कि उत्तराखंड की यह पहली संस्था है जिसे यह राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति-पत्र के साथ 21,000 रुपये की सम्मान राशि भी दी गई। संस्था की अध्यक्ष शिवानी पाल, उपाध्यक्ष हेमा परगाई, सचिव गोविंद मेहरा, सदस्य ममता धामी एवं बौद्धिक दिव्यांग ओजस्विन ने सम्मान ग्रहण किया।