उत्तराखंड: सीमांत क्षेत्र धारचूला में इस बार आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालुओं की संख्या
इस यात्रा सीजन में अब तक दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या 71 हजार के आंकड़े को पार (71,092) कर चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जो कि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी है। गत वर्ष कुल 36,500 यात्रियों ने दर्शन किए थे। शुक्रवार को भी 25 इनर लाइन परमिट जारी किए गए। आदि कैलाश मंदिर के कपाट गुरुवार को विधि-विधान से बंद हो चुके हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा को बंद करने की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
उप जिलाधिकारी (SDO) आशीष जोशी ने बताया कि ओम पर्वत और क्षेत्र के दर्शन के लिए यात्रियों को अभी इनर लाइन परमिट जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी मौसम की स्थितियों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही परमिट जारी करने पर विचार और निर्णय लिया जाएगा।