बाजपुर के पैट्रोल पंप पर कार का टैंक फुल करवाने एवं कार की डिग्गी में रखी केन को फुल कराने के बाद कार चालक बिना पैसे दिये ही मौके से फरार हो गया। पंप पर काम कर रहे सेल्समैनों ने कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन कार चालक फरार हो गया। घटना पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पंप कर्मी ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिना पैसे दिए भागा कार चालक:
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रानी नांगल स्थित भगत किसान पेट्रोल पंप पर शनिवार देर रात एक व्यक्ति कार से तेल डलवाने पहुंचा उसने सेल्समैन को कार का टैंक फुल करने की बात कही। उसके बाद उसने कार की डिग्गी में रखी केन में भी तेल फुल करवा लिया। सेल्समैन ने कार स्वामी को 6700 रूपये का बिल दिया जिसके बाद कार चालक मौका देख बिना पैसे दिये ही फरार हो गया। सेल्समैन द्वारा कार का पीछा किया गया लेकिन तब तक कार चालक मौके से फरार हो गया।
बिना पैसे दिये भागे युवक की घटना सीसीटीवी में हुई कैद:
इस दौरान पेट्रोल और डीजल की धोखाधड़ी की घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं रविवार को सेल्समैन अनिल कुमार ने बाजपुर कोतवाली में पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। वहीं पुलिस ने सेल्समैन को जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया है।
युवक के खिलाफ़ कार्रवाई की मांग
एसआई भगवान गिरी गोस्वामी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर धोखाधड़ी होने का मामला सामने आया है जिसमें जांच की जाएगी जिसके बाद अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।