उत्तराखंड: इस दिन से होगी ‘बसन्तोत्सव 2026’ की धूम, इन राज्यों के 100 कलाकार बिखेरेंगे लोक संस्कृति के रंग

देहरादून: राजधानी के हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल ऑडिटोरियम में आगामी 27 मार्च 2026 को भव्य ‘बसन्तोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा।

बसन्तोत्सव 2026 का आयोजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में इस कार्यक्रम की जानकारी संयोजक डॉ. केपी जोशी और प्रेम हिन्द्वान ने प्रेस वार्ता में दी। यह आयोजन उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में होगा। बताया कि इस आयोजन में राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के 100 से अधिक कलाकार एक ही मंच पर जुटेंगे।

जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क

साथ ही विभिन्न राज्यों के पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के जरिए भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा। आम जनता के लिए इस कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
यह सांस्कृतिक संध्या शाम 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक आयोजित होगी। आयोजकों ने शहरवासियों से भारी संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।