किच्छा में शनिवार रात्रि भाजपा एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसी कार्यकर्ता की कार से शीशे फोड़ दिये। जबकि भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेसियों पर वोटरों को रिझाने के लिए नोट बांटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनो की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर वोटरों को पैसे बांटने का आरोप:
आरोपियों में भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला के भतीजे आशीष शुक्ला को को भी नामजद किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता धीरज सिंह पुत्र शंभू सिंह निवासी ग्राम लालपुर किच्छा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह और आशीष शुक्ला मंडी रेलवे फाटक पार कर बंगाली कालोनी पुलभट्टा की ओर जा रहे थे। उन्होंने देखा दीप हंसपाल पुत्र निर्मल हंसपाल, मनोज कुमार पुत्र नंदलाल एवं मनदीप गौराया पुत्र हरदीप गौराया निवासी ईश्वरपुर टांडा (यूपी) को हाथीखाना क्षेत्र में वोटरों को पैसे बांटते देखा।
भाजपा कार्यकर्ता ने आरोपियों पर आचार संहिता का उल्लंघन का आरोप लगाया:
आरोप है कि धीरज एवं आशीष के विरोध करने पर तीनों व्यक्ति उनसे गाली गलौज करने लगे। धीरज एवं आशीष के समझाने पर आरोपी धक्का मुक्की एवं झगड़े पर उतारु हो गये। धीरज एवं आशीष ने आरोप लगाया कि उनको फंसाने के लिए आरोपियों ने स्वंय ही अपनी कार का आगे का शीशा फोड़ लिया। धीरज ने आरोप लगाया कि मनदीप गौराया शातिर अपराधी है, हत्या का प्रयास एवं डकैती के मुकदमे दर्ज है एवं वह धनबल से चुनाव को प्रभावित करना चाहते है। धीरज ने तीनों के ऊपर आचार संहिता के उल्लघंन, झूठी शिकायत, गाली गलौज एवं झगड़ा करने का आरोप लगाया।
कांग्रेसी कार्यकर्ता ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार के शीशे फोड़ने का आरोप लगाया:
जबकि कांग्रेसी नेता गुलशन सिंधी पुत्र नंदलाल ग्राम बखपुर किच्छा ने आरोप लगाया कि उनके छोटे भाई मनोज कुमार पुत्र नन्द लाल निवासी आवास विकास किच्छा की गाड़ी के सामने आशीष शुक्ला उर्फ मोनू शुक्ला एवं विपिन मिश्रा ने अपनी गाड़ी लगा दी। आरोप है कि उन्होंने मनोज को मारा। जब मनोज अपनी जान बचाने के लिए अपनी गाड़ी में बैठ गया तब मोनू शुक्ला ने मनोज को गाड़ी में जिंदा जला देने की धमकी देते हुए उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। कुछ लोगों के मौके पर पहुंच जाने के बाद मनोज किसी तरह से अपनी जान बचा कर भागा।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया:
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर दिया है।