उत्तराखंड: चारधाम यात्रा 2026: ड्रोन और सीसीटीवी से होगी ‘तीसरी आँख’ की पहरेदारी, हाईटेक सुरक्षा घेरे में रहेंगे श्रद्धालु

उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निरापद बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार खास तैयारी की है।

यह खास तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग पर हाईटेक निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसके तहत चप्पे-चप्पे पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से 24 घंटे नज़र रखी जाएगी। सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। आईटीडीए (ITDA) के सहयोग से पुलिस विभाग द्वारा आधुनिक कैमरों की स्थापना की जाएगी।
ये सभी उपकरण सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे, जिससे हर गतिविधि की ‘रियल टाइम’ निगरानी संभव होगी। गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय को निर्देश दिए हैं कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी उपकरणों का परीक्षण पूरा कर लिया जाए। वहीं मंदिर परिसरों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले मुख्य पड़ावों पर सीसीटीवी कैमरे तैनात रहेंगे। ड्रोन संचालन के लिए पुलिस की विशेष प्रशिक्षित टीमों को तैनात किया जा रहा है।