उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अगले माह से शुरू हो रहीं हैं। चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड परिवहन विभाग ने अपनी कमर कस ली है।
बनेंगे यह कार्ड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज, सोमवार से गढ़वाल संभाग के विभिन्न केंद्रों पर व्यावसायिक यात्री वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया विधिवत शुरू हो जाएगी। हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा इस सुविधा का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। जिसमें देहरादून (आशारोड़ी चेक पोस्ट), विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की एआरटीओ कार्यालय है। यहाँ 15 अप्रैल से ग्रीन कार्ड बनने शुरू होंगे। वर्ष 2025 में लगभग 32,000 वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए गए थे। ग्रीन कार्ड बनवाने के लिए चालक को वाहन साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही वाहन के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ उसका तकनीकी मुआयना भी किया जाएगा। फिटनेस या तकनीकी कमी पाए जाने पर कार्ड जारी नहीं होगा। इस बार क्यूआर कोड और यूपीआई (UPI) के जरिए भुगतान की सुविधा दी गई है, ताकि शुल्क सीधे सरकारी कोष में जमा हो।
स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता
19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को यमुनोत्री व गंगोत्री और 22-23 अप्रैल को केदारनाथ व बदरीनाथ के कपाट खुलने हैं। यात्रा शुरू होने से पहले स्थानीय वाहनों के कार्ड बनाए जा रहे हैं ताकि बाहरी राज्यों के वाहनों के आने पर स्थानीय चालकों को लंबी लाइनों में न जूझना पड़े।