उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अगले माह से शुरू हो रहीं हैं। 19 अप्रैल से शुरू हो रही उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है।
स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के रहेंगे खास इंतजाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी और स्वास्थ्य चुनौतियों को देखते हुए इस बार अभूतपूर्व चिकित्सा इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यात्रा रूट पर प्राथमिक केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक 1350 डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को आपातकालीन स्थिति में तुरंत इलाज देने के लिए विशेष रोस्टर तैयार किया गया है। मार्ग में त्वरित उपचार हेतु 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी सेवाएं ली जाएंगी। प्रवेश बिंदुओं पर स्क्रीनिंग और 24 घंटे चिकित्सा सहायता हमारी प्राथमिकता है।