उत्तराखंड: चारधाम यात्रा 2026: केदारनाथ हेली सेवा के लिए इतने ऑपरेटरों का चयन, किराया भी तय, जानें कैसे होगी बुकिंग

​उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रहीं हैं। चार धाम यात्रा-2026 को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकेडा) ने कमर कस ली है।

तैयारियां शुरू

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केदारनाथ धाम के लिए बहुप्रतीक्षित हेली शटल सेवा की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस बार एक पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कुल 08 हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन किया गया है, जो श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचाएंगे। यूकेडा के अनुसार, यात्रियों के दबाव को देखते हुए अलग-अलग केंद्रों से सेवाओं का बंटवारा किया गया है।
• ​गुप्तकाशी: यहाँ से 02 ऑपरेटर अपनी सेवाएं देंगे।
• ​फाटा: यहाँ सबसे अधिक 04 ऑपरेटरों को तैनात किया गया है।
• ​सिरसी: यहाँ से 02 ऑपरेटर उड़ान भरेंगे।
गुप्तकाशी से केदारनाथ: 6,077 रुपए प्रति यात्री
फाटा से केदारनाथ: 4,840 रुपए प्रति यात्री
सिरसी से केदारनाथ: 3,043 रुपए प्रति यात्री

IRCTC पोर्टल से होगी बुकिंग

​कालाबाजारी और धोखाधड़ी को रोकने के लिए प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग केवल भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) के अधिकृत ‘हेली यात्रा पोर्टल’ के माध्यम से ही ऑनलाइन की जा सकेगी। बुकिंग के समय यात्रियों को मामूली सुविधा शुल्क भी देना होगा। यूकेडा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और संचालन के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य होगा।