उत्तराखंड: चारधाम यात्रा: बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए राहत‌ की खबर, बदरी-केदार धाम में ऐसे होंगे विशेष स्लॉट में दर्शन

उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ यहां उमड़ रही है। इसी बीच एक जरूरी खबर सामने आई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने चारधाम आने वाले वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा फैसला लिया है।

मिलेगा यह लाभ

इसके तहत अब दोनों धामों में इन श्रद्धालुओं को लाइन में लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुगम और सुरक्षित दर्शन कराए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए मंदिर समिति ने बकायदा विशेष समय और स्लॉट निर्धारित किए हैं।। इस संबंध में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए ‘प्राथमिक दर्शन व्यवस्था’ लागू की गई है। इसके तहत दिनभर में 15-15 मिनट के चार विशेष स्लॉट तय किए गए हैं।
• ​पहला स्लॉट: सुबह 08:00 बजे से 08:15 बजे तक
• ​दूसरा स्लॉट: सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक
• ​तीसरा स्लॉट: दोपहर बाद 03:00 बजे से 03:15 बजे तक
• ​चौथा स्लॉट: शाम 04:45 बजे से 05:00 बजे तक
इन निर्धारित 15 मिनट की अवधि (कुल मिलाकर दिनभर में एक घंटा) में केवल दिव्यांग और वृद्धजन ही गर्भगृह में दर्शन करेंगे। हर स्लॉट में 50 श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। इस सुविधा का लाभ 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मिलेगा।