उत्तराखंड: यहां सोना चमकाने के नाम पर महिला से की गई ठगी, उड़ाया तीन तोला सोना

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। आजकल ठगी के मामलों में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। ऐसा ही एक मामला ऊधम सिंह नगर के खटीमा से आया है। खटीमा में सोना चमकाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। जिसमें टप्पेबाजों ने एक महिला का लगभग तीन तोला सोना उड़ा लिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी की तलाश की मांग की है।

जानें पूरा मामला

पुलिस को सौंपी तहरीर में शारदा बिहार वार्ड नम्बर 18 निवासी विभा कुमारी ने कहा कि वह यहां किराए के मकान में रहती है। 22 जून को साढ़े ग्यारह से सवा बारह बजे के आसपास एक अज्ञात व्यक्ति उनके गेट पर आया और गेट खटखटाने लगा। जब वह बाहर आई तो आरोपी ने बाहर से ही अपना कार्ड पकड़ाया और आरोपी के बार बार कहने पर उसे लॉबी में बुला लिया। आरोपी ने कहा कि वह बर्तन और जेवर चमकाने का काम करता है। चाहे तो वह डेमो देख सकती हैं। उन्हीने पाजेब और बिछिया दी जिसे आरोपी ने चमका दिया। बाद में आरोपी के कहने पर उसने दो अंगूठी और दो तोले का मंगलसूत्र दे दिया। आरोपी ने एक लिफाफा दिया और कहा कि इसे दस मिनट बाद खोलना तब तक यह चमक जाएगा। आरोपी वहां से चला गया। जब उसने दस मिनट बाद लिफाफा खोला तो उसमें कंकड़ पत्थर थे।

पीड़िता ने आरोपियों को पकड़कर सोने की बरामदगी की मांग की

पीड़ित ने कहा कि उसे शक है कि आरोपी दो लोग थे जिसमें एक घर के बाहर भी खड़ा था। पीड़िता ने मामले का खुलासा कर आरोपियों को पकड़कर सोने की बरामदगी की मांग की है। एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। शीघ्र आरोपी गिरफ्तात होंगे।