उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर जरूरी खबर सामने आई है। इस साल शीतकाल के लिए गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर बंद किए जाएंगे। वहीं जबकि यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट परंपरा के अनुसार भैयादूज के पावन पर्व पर 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
निकला शुभ मुहूर्त
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केदारनाथ धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त विजयदशमी के पर्व पर मंगलवार को ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान निकाला जाएगा। इसी विशेष अवसर पर भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि, मुहूर्त के साथ-साथ पंचपूजा और डोली यात्रा का पूरा कार्यक्रम भी घोषित किया जाएगा। वहीं सोमवार को नवमी तिथि के मौके पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने का मुहूर्त निकाला गया। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल ने जानकारी दी कि तय कार्यक्रम के अनुसार 10 नवंबर को अमृत बेला में अभिजीत मुहूर्त पर दोपहर 12:05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके पश्चात मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल मुखवा के लिए रवाना होगी।