उत्तराखंड: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश में नई नियुक्तियों का दायरा बढ़ाते हुए रविवार को दायित्वधारियों की दूसरी सूची जारी की है।
सूची जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने विभिन्न आयोगों और समितियों में सात और पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं को महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया है। इससे पहले बीते शुक्रवार को सरकार ने विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में 14 व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपी थी। वहीं अब बीते कल रविवार की घोषणा के बाद अब नए दायित्व पाने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
जारी की गई सूची के अनुसार, हरिद्वार और नैनीताल जिले के कार्यकर्ताओं को इस बार विशेष प्राथमिकता मिली है। प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं।
• किसान आयोग: हरिद्वार निवासी राव खालेखां उर्फ वरीश को सदस्य मनोनीत किया गया है।
• महिला एवं बाल अधिकार: नैनीताल के योगेश सिंह रजवार को ‘बाल अधिकार संरक्षण आयोग’ और हरिद्वार की प्रेमलता (सुमन रौतेला) को ‘राज्य महिला आयोग’ का सदस्य बनाया गया है।
• पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति आयोग: हरिद्वार के राजपाल कश्यप और नैनीताल की रूचि गिरी को ‘अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग’ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हरिद्वार के मनोज कुमार गौतम को ‘अनुसूचित जाति आयोग’ का सदस्य नियुक्त किया गया है।
• समाज कल्याण: पिथौरागढ़ के दीप प्रकाश नेवालिया को ‘समाज कल्याण अनुश्रवण समिति’ में सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।