उत्तराखंड: सोशल मीडिया पर कितने लाइक मिले, इसकी परवाह मत करें, देश निर्माण की प्रक्रिया में निभाएं सक्रिय भूमिका- कर्नल सोफिया कुरैशी

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में बीते कल रविवार को धूमधाम से उत्तराखंड का राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती के रूप में मनाया गया।

छात्रों को वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित

इस मौके पर ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा रहीं भारतीय सेना की वरिष्ठ अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी ने रविवार को झाझरा में स्थित जनजातीय दून संस्कृति स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी आगे बढ़ाने से पहले थोड़ा थमें, सोचें-समझें और सही होने पर ही इसे आगे बढ़ाएं। हमें हमेशा इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि देश सर्वोपरि है। कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है। इस राज्य ने देश को सबसे बेहतरीन सैनिक, सैन्य अधिकारी दिए हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक केवल जंग ही नहीं जीतते, दिल भी जीतते हैं। वह शुरू से ही सेना में अधिकारी बनना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने मेहनत की। हमेशा यही सोचा कि मैं कर सकती हूं। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों पर गर्व करते हुए देश निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया पर फेक न्यूज को शेयर करने से बचें

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन बहुत महत्वपूर्ण है। यह व्यक्तित्व के विकास, अनुशासन और आत्मनिर्भरता व जीवन के लिए सही दिशा चुनने का समय होता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फेक न्यूज को शेयर करने से बचें। सोशल मीडिया पर कितने लाइक मिले, इसकी परवाह मत कीजिए। बल्कि लोगों से मिलो, बातें करो, हंसो, ये जरूरी है।