उत्तराखंड: राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नौ हस्तियों को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान,दस पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी हुए सम्मानित

प्रदेश सरकार ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया। सरकार ने चार अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए 9 हस्तियों को सम्मान दिया है। इनमें फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी, लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, एनएसए अजीत डोभाल, पूर्व सीडीएस स्वर्गीय जनरल बिपिन सिंह रावत, गीतकार और लेखक स्वर्गीय गिरीश चंद्र तिवारी, स्वर्गीय वीरेंद्र डंगवाल का नाम शामिल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कल उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर IRDT ऑडिटोरियम में पद्म भूषण डॉ. अनिल जोशी को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से सम्मानित करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके द्वारा किये जाने वाले प्रयासों का भी सम्मान है।

10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को भी किया सम्मानित

उत्तराखंड के सबसे उत्कृष्ट थाने के लिए नैनीताल जनपद के चोरगलिया थाने का चयन किया गया, जिसके लिए चोरगलिया थाने को पुरस्कृत किया गया है। इसी के साथ 10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें एडीजी वीवीके प्रसाद, डीआईजी करन सिंह नगन्याल, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, पीएसी सेनानायक सुखवीर सिंह, एसपी विजिलेंस धीरेन्द्र गुंज्याल के नाम शामिल है।


हमारी इकोलॉजी, पर्यावरण, वन संपदा हमारी सबसे बड़ी सम्पति

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी इकोलॉजी, पर्यावरण, वन संपदा हमारी सबसे बड़ी सम्पति है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए हमारी जिम्मेदारी भी सबसे बड़ी है। हमें लोगों को विशेषकर युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण के लिए जागरूक करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में गौरा देवी, सुन्दरलाल बहुगुणा जैसे महान पर्यावरणविद् हुए है। जो हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पद्म भूषण डॉ अनिल प्रकाश जोशी जी पर्यावरण के प्रहरी तो हैं ही साथ ही वह समय समय पर हमारा मार्गदर्शन भी करते रहे हैं। उन्होनें कहा कि वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड देश के श्रेष्ठ राज्यों में अपनी पहचान बनाये इस दिशा में हमें मिल जुलकर प्रयास करने होंगे। राज्य के समग्र विकास की दिशा निर्धारण के लिए बोधिसत्व विचार श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, फिल्म अभिनेत्री दिया मिर्जा , सचिव विनोद सुमन व यू-कॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत भी उपस्थित थे।