उत्तराखंड: यहां जंगली मशरुम खाने से 9 मजदूरों की बिगड़ी तबीयत, दो मजदूर आईसीयू में भर्ती

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां चमोली के जोशीमठ में मलारी नीति हाइवे पर कार्य कर रहे सीमा सड़क संगठन के नौ मजदूर जंगली मशरुम खाने से बीमार हो गए। सभी को जोशीमठ सेना चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि दो मजदूरों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

रात्रि में जंगली मशरूम खाने से बिगड़ी तबीयत

बताया गया कि नीति घाटी के गुरकुटी गांव में नेपाली मजदूर रहते हैं। ये मजदूर सीमा सड़क संगठन के हैं। जो जोशीमठ मलारी हाइवे पर मजदूरी का कार्य कर रहे हैं। बताया गया कि यहां पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। रात्रि को इन मजदूरों ने जंगली मशरुम की सब्जी बनाई थी ,वह नौ मजदूरों ने यह सब्जी खाई थी। रात्रि को मजदूरों की तबीयत बिगड़ने शुरु हो गई थी उन्हें उल्टी के साथ पेट दर्द व बेहोशी की शिकायत थी। सुबह मजदूरों को जोशीमठ के सेना चिकित्सालय में उपचार के लिए लाया गया है। बीमार मजदूरों में मनोज शर्मा, पवित्रा, दुर्गा, विनीता, जनक, कृष्णा गिरी, हरि, भावना, केशव शामिल हैं। जबकि आईसीयू में मनोज शर्मा व पवित्रा भर्ती हैं।

मजदूरों के स्वास्थ्य में हुआ है सुधार

बीआरओ के कमांडर कर्नल अंकुर महाजन ने कहा कि ये मजदूर ठेकेदार के जरिए सड़क के कार्यों में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।