उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में लगातार मौसम में बदलाव जारी है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में बादल फटने की खबरें भी परेशान कर रही है।
बारिश से नुकसान
देहरादून में बीते सोमवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मची है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सहस्रधारा के पास कारलीगढ़ में अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। मालदेवता क्षेत्र में नदी के उफान से सड़क, पुश्ते और पुल बह गए, जबकि रिस्पना और बिंदाल नदी का जलस्तर बढ़ने से कई कालोनियां जलमग्न हो गईं। घर मलबे में दब गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार सहस्त्रधारा, मालदेवता, संतला देवी और डालनवाला आपदा से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं। बारिश के बाद ज़्यादातर नदियां उफान पर हैं। 15 लोगों की मौत हो गई है। 16 लापता हो गए हैं और पहाड़ी राज्य के विभिन्न स्थानों पर 900 लोग फंस गए। मौके पर SDRF, NDRF समेत अन्य एजेंसियां मौजूद हैं और रेस्क्यू जारी है।
मदद का आश्वासन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मंगलवार को फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।