उत्तराखंड: स्वीफ्ट डिजायर कार नहीं लाने पर विवाहिता के साथ ससुरालियों ने की मारपीट, पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में दहेज में स्वीफ्ट डिजाइनर कार नहीं लाने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

जानें पूरा मामला

मौहल्ला जसपुर खुर्द निवासी अर्शी मलिक पुत्री स्व. हामिद हुसैन ने पुलिस को तहरीर सौंपी। कहा कि उसका निकाह 28 नवंबर 2020 को एहसान पुत्र मरगूब अहमद निवासी मीरगंज जिला बरेली के साथ हुआ था। निकाह के समय जेवर और दो लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद उसके ससुराल वाले पति एहसान, देवर आसिफ, सास शकीला, ननदें शाईस्ता व शगुफ्ता खुश नहीं थे। ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताने देकर गाली-गलौच करने लगे। ससुराल वाले दहेज में कार स्विफ्ट डिजायर की मांग करने लगे। इस दौरान उसने बड़े ऑपरेशन से एक पुत्र को जन्म दिया। जिसका खर्चा ससुराल वालों ने वहन नहीं किया। उसकी माता पर दवाब बनाया कि हॉस्पिटल का बिल वो जमा करेंगी। उसकी माता ने उधार कर किसी तरह 38 हजार रुपये उसके पति को दिए तब जाकर इन लोगों ने हॉस्पिटल का बिल जमा किया।

सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

इसके बाद वह बच्चे को काशीपुर अपने घर ले आई। 21 फरवरी 2023 को पंचायत में लोगों के समझाने पर वह अपनी ससुराल चली गई। लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार उसके साथ अच्छा नहीं था। वह दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर 29 मार्च 2023 को घर से निकाल दिया। 06 अप्रैल 2023 को पति एहसान, देवर आसिफ व सास शकीला उसके मायके जसपुरखुर्द में आये, और गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया है।