उत्तराखंड: केदारनाथ धाम की शीतकालीन सुरक्षा का जिम्मा आइटीबीपी के पास, धाम में 30 जवानों की तैनाती

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में चारधाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में केदारनाथ धाम की शीतकालीन सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से टीम तैनात की गई है।

धाम में आइटीबीपी के लगभग 30 जवान तैनात

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां धाम में इस वर्ष भी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की तैनाती की गई है। धाम में वर्तमान में आइटीबीपी के लगभग 30 जवान तैनात हैं, जबकि उत्तराखंड पुलिस के पांच कर्मी भी लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ धाम में शीतकाल के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से आइटीबीपी की तैनाती की जाती है।

आइटीबीपी की तैनाती

दरअसल केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह को स्वर्ण मंडित करने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति ने शीतकाल में केदारनाथ धाम की सुरक्षा के लिए आइटीबीपी की तैनाती की मांग सरकार से की थी। जिसके बाद से हर वर्ष 2022 से कपाट बंद होने से लेकर कपाट खुलने तक केदारनाथ धाम में आइटीबीपी की तैनाती की जाती है।