उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है।
सीएम का फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बाढ़ सुरक्षा, सड़क निर्माण, सरकारी आवासों और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹191 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस बजट का एक बड़ा हिस्सा जहां कुंभ की तैयारियों और बिजली व्यवस्था सुधारने में खर्च होगा, वहीं विभिन्न जिलों में पार्किंग और जन-सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
• ऋषिकेश आस्था पथ: आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए ₹35.78 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
• गंगा घाट सौंदर्यीकरण: हरिद्वार के श्री प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट को सुंदर बनाने के लिए ₹1.50 करोड़ दिए गए हैं।
• सड़क सुदृढ़ीकरण: वीरभद्र बैराज (ऋषिकेश) से चंडी घाट (हरिद्वार) तक की सड़क की मरम्मत और मजबूतीकरण के लिए ₹4.68 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
• RDSS योजना: इसके तहत चल रहे कार्यों के लिए ₹70 करोड़ अवमुक्त किए गए हैं।
• अंशपूंजी और लाइन शिफ्टिंग: निर्माणाधीन योजनाओं के लिए अंशपूंजी के रूप में ₹25 करोड़ और घरों के ऊपर से गुजरने वाली खतरनाक हाई-वोल्टेज बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए ₹5 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
जानें कहाँ, क्या काम होगा और कितना बजट मिला
• हरिद्वार (सड़कें और भवन): मुख्य सड़कों और शहर की अंदरूनी सड़कों को बनाने के लिए ₹21.64 करोड़ और राजकीय विशेष गृह परिसर में सुरक्षा भवन के लिए ₹5.55 करोड़ मिलेंगे।
• नैनीताल (मुक्तेश्वर): मुक्तेश्वर के मोहन बाजार में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए कार पार्किंग बनाई जाएगी। इसके लिए ₹9.89 करोड़ मंजूर हुए हैं।
• बागेश्वर (कांडा): गाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कांडा क्षेत्र में एक बड़ी मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी, जिसके लिए ₹5.41 करोड़ दिए गए हैं।
• देहरादून (रायपुर और विकासनगर): रायपुर में सांग नदी का रास्ता साफ करने और बाढ़ से बचाव के लिए ₹3.62 करोड़ और विकासनगर में पानी की किल्लत दूर करने के लिए नया नलकूप (ट्यूबवेल) बनाने हेतु ₹63.62 लाख पास हुए हैं।
• ऊधमसिंह नगर (सितारगंज): पर्वतीय विकास भवन के बचे हुए कामों को पूरा करने के लिए ₹80 लाख और सम्पूर्णानन्द शिविर की पुरानी गौशाला में टिन शैड डालने के लिए ₹32.74 लाख मिलेंगे।
• टिहरी गढ़वाल (नरेन्द्रनगर): कोर्ट के तीसरी और चौथी श्रेणी के कर्मचारियों के रहने के लिए सरकारी आवास (क्वार्टर) बनाने के शुरुआती काम हेतु ₹5.42 लाख मंजूर किए गए हैं।
• पिथौरागढ़: विकासखण्ड कनालीछीना की ग्राम पंचायत सुरूण में स्थित कालसीन देवता मंदिर में धर्मशाला निर्माण, मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए ₹27 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
• टिहरी (जौनपुर): तहसील नैनबाग के ग्राम विरोड़ में स्थित नाग देवता के प्राचीन मंदिर के नवनिर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए ₹49.86 लाख की धनराशि को मंजूरी दी गई है।