उत्तराखंड: विवाहिता ने ससुराल वालों पर लगाया आरोप, दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुर ने किया दुष्कर्म


उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां काशीपुर में विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज में तीन लाख रुपये व कार नहीं लाने पर मारपीट करने और ससुर पर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है।

जाने पूरा मामला-

जानकारी के अनुसार आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर घोसी निवासी लक्ष्मी पुत्री स्वर्गीय राम असरे यादव ने पुलिस को तहरीर सौंपी। कहा कि उसकी शादी 31 मई 2015 को ग्राम पगार मढ़िया थाना रमकोला लक्ष्मीगंज जिला कुशीनगर यूपी निवासी आशीष यादव पुत्र राजाराम यादव के साथ हुआ था। शादी में मायके पक्ष के लोगों ने सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। किंतु उसके पति आशीष यादव, ससुर राजाराम यादव, सास रबड़ी देवी, नंद नीतू खुश नहीं थे। वह दहेज में एक कार और 3 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। इस बीच वह गर्भवती हो गई। ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया और दहेज के साथ बच्चे के लिए सारा खर्चा लाने को कहा। मामले में हुई पंचायत के बाद उसकी मां उसे ससुराल छोड़ आई। 14 जून 2021 को ससुराली उसे अपने साथ दिल्ली ले गए। आरोप है कि यहां ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पति से शिकायत करने पर उसने भी जबरन कुकर्म किया। तीन सितंबर 2021 को ससुरालियों ने उसे उसकी बच्ची के साथ घर से निकाल दिया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया।

मुकदमा दर्ज-

आईटीआई पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।