उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां देहरादून में एक युवती साइबर ठगों का शिकार हो गयी।
जानें पूरा मामला-
जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी प्रदीप चौहान ने बताया कि स्वीटी शर्मा निवासी फ्रेंड्स एंक्लेव शाह नगर छह जुलाई को बीमार थी। उन्होंने सुबह पौने सात बजे इंटरनेट पर बल्लूपुर स्थित एक अस्पताल का नंबर सर्च किया। जिससे उन्हें अस्पताल के नाम पर एक फोन नंबर मिला। उन्होंने इस नंबर पर कॉल की तो सामने से एक युवक ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताया। स्वीटी ने अप्वाइंटमेंट लेनी चाही तो युवक ने ऑनलाइन पैमेंट करने को कहा। बात करते-करते युवक ने ऑनलाइन पैमेंट के लिए स्वीटी को व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। जैसे ही स्वीटी इस लिंक पर गई, उसके खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 83 हजार रुपये कट गए। जिस पर युवती ने दोबारा फोन किया तो युवक और पैसे मांगने लगा। जिस पर युवती को खुद के साथ ठगी होने का अहसास हुआ।
मुकदमा दर्ज-
जिसके बाद स्वीटी ने इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी। जिसका संज्ञान लेते हुए नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।