पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन को लेकर खेल स्किल टेस्ट का करें आयोजन- डीएम रीना जोशी

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के जनपद में क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी रीना जोशी ने समीक्षा बैठक की।

डीएम ने दिए यह निर्देश

जिसमें इस जिला सभागार में हुई बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने क्रीड़ा विभाग के अधिकारी को योजना में प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन को लेकर खेल स्किल टेस्ट आयोजन करने को कहा। साथ ही तिथि के निर्धारण एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर खण्ड शिक्षा एवं खंड विकास अधिकारियों के साथ विकासखंड स्तर पर बैठक आयोजित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा नगर निकाय स्तर पर संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक की जाए। खेल स्किल टेस्ट में प्रतिभाग करने वाले जो बच्चे अपने स्तर से ठहरने की व्यवस्था नहीं कर पाएंगे उनके लिए ठहरने को विद्यालय भवनों का चयन करें। सफाई व्यवस्था को विकास खण्ड स्तर पर खण्ड विकास कार्यालय से सहयोग लिया जाय।अन्य व्यवस्थाएं भी संबंधित विभागों से समन्वय बनाते हुए समय पर पूर्ण कराएं।जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना एक अच्छी योजना है, इसको सफल बनाने के लिए पूरे प्रयास किए जाएं।

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 200 खिलाडियों का होगा चयन

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 200 खिलाडियों का चयन किया जाएगा। जिनमें 100 बालक एवं 100 बालिकाओं का चयन होगा। आयु वर्ग 14 से 17 के 25 बालक व 25 बालिका, 17 से 19 आयु वर्ग के 25 बालक व 25 बालिका , 19 से 21 वर्ष आयु वर्ग के 25 बालक व 25 बालिका खिलाड़ियों के साथ 21 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 25 बालक व 25 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।‌प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए विकासखंड एवं नगर स्तर पर खेल स्किल टेस्ट का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में रहें उपस्थित

इस बैठक में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी के अलावा मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, ईओ नगर पालिका पिथौरागढ़ राजदेव जायसी सहित खण्ड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।