रुड़की से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोप है कि जब युवती ने शादी के लिए युवक पर दबाव बनाया तो उसने युवती के घर आकर उससे मारपीट भी की। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
एक साल से शादी का झांसा देकर करता रहा दुष्कर्म
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात भगवानपुर क्षेत्र के चौल्ली निवासी असजद से हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। युवती ने आरोप लगाया कि युवक एक साल से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। युवती ने कई बार उसे शादी के लिए कहा लेकिन वह टालमटोल करता रहा।
युवक ने युवती को दी धमकी
युवती ने बताया कि 25 नवंबर को युवक उसके घर आया। उस समय युवती के परिजन बाजार गए थे। युवती ने जब उसे शादी करने के लिए कहा तो युवक ने उसकी पिटाई कर उसके साथ दुष्कर्म किया और धमकी देकर वहां से चला गया। इसके बाद युवती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन युवती को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।