उत्तराखंड: ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम  का आयोजन, सीएम धामी ने युवाओं के साथ लगाई दौड़

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक सप्ताह तक चलने वाले योग कार्यक्रम के अन्तर्गत आज सोमवार को उत्‍तराखंड में रन फार योगा रैली का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम में भाग लिया और युवाओं के साथ दौड़ लगाई ।

आने वाले समय में हम योग को जीवन पद्धति बनाएंगे और नियमित रूप से योग करेंगे

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, ने कहा कि हमको संकल्प लेना चाहिए कि आने वाले समय में हम योग को जीवन पद्धति बनाएंगे और नियमित रूप से योग करेंगे। ये संकल्प लेने का समय है। हम योग दिवस के अवसर पर संकल्प लेंगे तो ये योग दिवस मनाना सार्थक होगा । उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया में योग को मान्यता दिलवाई। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को एक उत्सव के रूप में मना रही है।उन्होंने कहा कि शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। इसके साथ ही योग से शरीर, विचार हमेशा स्वस्थ सकारात्मक रहते हैं।