उत्तराखंड दुखद: चमोली में खराब मौसम बना काल, गहरी खाई में गिरी बारातियों की कार, 05 की मौत, सीएम ने जताया शोक

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के चमोली में एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।

गहरी खाई में गिरी कार

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार देर शाम हुआ। जब चमोली के बिरही-निजमूला मोटर मार्ग पर बारात की कार खाई में गिर गई। बारात में शामिल पांच लोग कार से चमोली के मंगलौरी गांव से निजमूला के पगना गांव जा रहे थे। तभी बिरही से 10 किमी आगे कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे की सूचना पर चमोली थाने से पुलिस मौके को रवाना हुई। इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। सभी गोलिम गांव के रहने वाले थे। वहीं पुलिस ने खराब मौसम के बीच बमुश्किल शवों को खाई से बाहर निकाला। खड़ी चट्टान होने से शव को बड़ी मुश्किल से सड़क तक लाया गया। जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया गया है कि यह भीषण हादसा खराब मौसम के चलते हुआ है। जिस समय ये हादसा हुआ उस समय तेज आंधी तूफान आया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीएम ने जताया शोक

वहीं इस चमोली जिले में हुए इस सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतक परिजनों को अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।