उत्तराखंड: मां के जज्बे को सलाम, खुद जान की परवाह किए बिना गुलदार से भिड़ गई मां, गुलदार के जबड़े से छुड़ाई बेटी की जान

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में पहाड़ों में गुलदार आतंक का पर्याय बन चुका है। जिससे लोगों में दहशत है। वहीं पौड़ी में गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है। जो इंसानों पर हमला कर रहें हैं।

मां ने बचाई बेटी की जान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पौड़ी जिले के पोखड़ा ब्लाक स्थित ग्राम हलूणी में अचानक गुलदार ने युवती पर हमला कर दिया। जिस पर मां ने ढाल बनकर गुलदार के पंजे में कैद बेटी को बचाया। यह घटना रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। जब हलूणी निवासी शोभा देवी (55) और उनकी बेटी प्रिया नेगी (23) गांव से करीब 100 मीटर दूर खेतों में घास काटने गई थीं। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने प्रिया को अपने आगे के पंजों में दबोच लिया। बेटी की चीख-पुकार सुनकर दूसरे खेत में घास काट रही शोभा देवी बेटी को बचाने को दौड़ी और जिस दरांती से वह घास काट रही थीं, उसी के सहारे गुलदार से भिड़ गईं। गुलदार ने शोभा देवी पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह उस पर दरांती से लगातार वार करती रहीं। शोभा देवी के साहस से कुछ ही सेकेंड में गुलदार वहां से भाग गया। जिसके बाद मां-बेटी गांव लौटीं और ग्रामीणों को पूरी घटना बताई।

घायल को ले गये अस्पताल

वही गुलदार के हमले में घायल हुई प्रिया को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल पहुंचाया गया। जहां अस्पताल की नर्सिंग आफिसर मीना ने बताया कि प्रिया के शरीर पर कई जगह गुलदार के नाखूनों के निशान हैं, लेकिन उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। इस घटना की जानकारी पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अस्पताल पहुंचकर घायल प्रिया का हाल जाना और वन विभाग के अधिकारियों को गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के निर्देश दिए।