उत्तराखंड- एसओजी व पुलिस टीम पर चढ़ाई कार, पुलिस कर्मियों ने कूदकर बचाई जान, जाने पूरा मामला


उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां जिला बदर आशु भंडारी ने एसओजी व पुलिस टीम पर लालपुर में कार चढ़ा दी।

पुलिस कर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश-

जानकारी के अनुसार रविवार रात एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, लालपुर चौकी प्रभारी पंकज कुमार, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, भूपेन्द्र आर्या, राजेंद्र कश्यप, महिला कांस्टेबल कंचन चौधरी के साथ गश्त पर थे। इस दौरान सीओ आपरेशन अमित कुमार के निर्देश पर जिला बदर किए गए आशु भंडारी उर्फ आशुतोष भंडारी के लालपुर क्षेत्र में घूमकर चुनाव प्रभावित करने की सूचना मिली। जिस पर टीम ने महराया रोड लालपुर में घेराबंदी कर दी। इस दौरान बिना नंबर की होंडा अमेज कार में सवार आशु भंडारी ने पुलिस की घेराबंदी देख अपनी कार की स्पीड बढ़ा दी। जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने एसओजी व पुलिस टीम पर लालपुर में कार चढ़ा दी। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई।

मुकदमा दर्ज-

इसमें चौकी प्रभारी की कार को टक्कर लगी, जिसमें उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। वही आशु भंडारी मौके से फरार हो गया। एसओजी प्रभारी की तहरीर पर किच्छा कोतवाली में आशु भंडारी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।