उत्तराखंड: सोनप्रयाग से केदारनाथ सिर्फ 36 मिनट में: इतने करोड़ की लागत से बनेगा देश का पहला अत्याधुनिक 3S रोपवे, जानें खासियत

उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच बाबा केदारनाथ के दर्शन की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है।

श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केदारनाथ धाम की विश्व प्रसिद्ध यात्रा जल्द ही नई तकनीक और आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ एक ऐतिहासिक बदलाव की गवाह बनने जा रही है। जी हां सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना के पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को अब 8 से 9 घंटे की कठिन पैदल यात्रा या घोड़ा-खच्चरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस रोपवे के शुरू होने से श्रद्धालु मात्र 36 मिनट में बाबा केदार के दरबार पहुंच सकेंगे। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पर्वतमाला योजना’ के तहत विकसित की जा रही यह परियोजना करीब 4,081 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी। केदारनाथ रोपवे देश का पहला ऐसा रोपवे होगा जो अत्याधुनिक 3S (थ्री-केबल डिटैचेबल गोंडोला) सिस्टम पर आधारित होगा। 12.9 किमी लंबी दूरी: सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच इस रोपवे की कुल लंबाई 12.9 किलोमीटर होगी। इस रोपवे के जरिए प्रत्येक दिशा में प्रति घंटे 1,800 यात्रियों को लाने-ले जाने की क्षमता होगी।