उत्तराखंड: उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जल्द शुरू होने वाली है। इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा।
इस दिन खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने हिंदू पंचांग के अनुसार शुभ मुहूर्त की घोषणा करते हुए बताया कि 18 अप्रैल को माँ गंगा की भोगमूर्ति अपने शीतकालीन प्रवास ‘मुखबा’ से दोपहर 12:15 बजे डोली में सेना के बैंड और पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ गंगोत्री के लिए प्रस्थान करेगी। डोली रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करेगी। 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को सुबह 7 बजे डोली पैदल गंगोत्री धाम पहुंचेगी, जहाँ दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। परंपरा के अनुसार, 19 अप्रैल को ही माँ यमुना के कपाट भी देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। वहीं 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।
तैयारियां जारी
इस वर्ष यात्रा को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया है। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने जानकारी दी कि चारधाम यात्रा के दौरान इस वर्ष गंगोत्री मंदिर परिसर में गैर-सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। प्रशासन और मंदिर समितियाँ अब यात्रा की अंतिम तैयारियों में जुट गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें।