उत्तराखंड: गोवा क्लब की आग ने उत्तराखंड के 09 परिवारों को दिया कभी न भूलने वाला दर्द, तीन सगी बहनों समेत उत्तराखंड के 9 लोगों ने गंवाई जान

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। नॉर्थ गोवा में बीते शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। जिससे नाइट क्लब आग के गोले में तब्दील हो गया। जिससे पूरा नाइट क्लब खाक हो गया और इस हादसे में 25 लोगों की जान चली गई।

विदेश जाने का था सपना

इस दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के 09 लोगों ने भी‌ अपनी जान गंवाई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 5 युवा, जो क्लब में काम करते थे, और 4 पर्यटक, जो दिल्ली से गोवा घूमने गए थे, वो भी शामिल हैं।
जिसमें उत्तराखंड के पौड़ी, टिहरी, पिथौरागढ़, लोहाघाट और द्वाराहाट के रहने वाले पांच युवा गोवा के नाइट क्लब में काम कर रहे थे‌। मृतकों में जितेंद्र, सतीश, मनीष, सुमित और सुरेंद्र शामिल है‌। इसके अलावा टिहरी जिले के देवप्रयाग ब्लॉक के संकूल्ड गांव के 24 वर्षीय जितेंद्र सिंह की मौत से परिवार सदमे में हैं। इस हादसे में पिथौरागढ़ के सुरेंद्र सिंह की भी जान चली गई। सुरेंद्र हादसे से ठीक एक हफ्ता पहले ही बेंगलुरु से नौकरी करने गोवा पहुंचा था। जर्मनी में काम कर चुके सुरेंद्र दोबारा विदेश जाने के प्रयास में थे। वह खटीमा के महोलिया में घर बना रहे थे। गोवा हादसे में सुरेंद्र की मौत की जानकारी के बाद उनके पैतृक गांव जमराड़ी सिमली में शोक की लहर है। 

गोवा घूमने गए थे

इसके अलावा उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट के बग्वाली पोखर निवासी विनोद कबरवाल दिल्ली के करावल नगर में रहते थे‌। जो निजी कंपनी में काम करते थे। वह पत्नी भावना और तीन बहनों के साथ गोवा घूमने गए थे। लेकिन हादसे में विनोद की मौत हो गई।  भावना ने अपनी आंखों के सामने पति और तीनों बहनों को खो दिया।