उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के युवाओं के लिए जरूरी जानकारी सामने आई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय मेडिकल काॅलेजों में शीघ्र ही 365 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की जाएगी।
इतने पदों पर होगी भर्ती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत विभाग ने संकायवार रोस्टर सहित भर्ती प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शीघ्र ही शासन स्तर से उक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेज दिया जायेगा। इस संबंध में राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बताया कि राजकीय मेडिकल काॅलेजों श्रीनगर, हल्द्वानी, देहरादून, अल्मोड़ा, हरिद्वार, रूद्रपुर तथा पिथौरागढ़ में कुल 27 संकायों के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसरों के रिक्त 365 पदों पर शीघ्र भर्ती की जायेगी। कहा कि विभाग की ओर से तैयार संकायवार रोस्टर में बैकलाॅक के रिक्त पदों को भी शामिल किया गया है। जिसमें अनुसूचित जाति के 115, अनुसूचित जनजाति 10, अन्य पिछड़ा वर्ग 67, आर्थिक रूप से कमजोर 37 तथा अनारक्षित के 136 पद शामिल है। उक्त भर्ती प्रस्ताव को विभाग द्वारा शासन को भेज दिया गया है। शीघ्र ही शासन स्तर से असिस्टेंट प्रोफेसर की सीधी भर्ती हेतु अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा जायेगा, इसके लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं।