उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (11 जनवरी, बुधवार, माघ, कृष्ण पक्ष, चतुर्थी, वि.सं. 2079)

Ten

◆ हल्द्वानी में उत्तराखंड मुक्त विश्व विद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में वर्ष 2021-2022 में पास होने वाले ग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, डिप्लोमा और शोध करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

◆ साथ ही इसी अकादमिक वर्ष में विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक और विशिष्ट पदक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत भी शामिल हुए।

◆ शहरी विकास और आवास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को उत्तराखंड में प्रस्तावित नए टाउनशिप डेवलपमेंट की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कुल 23 टाउनशिप के लिए 23 स्थान चिन्हित किए गए हैं। इनमें गढ़वाल मंडल में 12 जबकि कुमाऊं मंडल में 11 शामिल हैं।

◆ मुख्य सचिव डॉ एस.एस. संधु ने मंगलवार को जोशीमठ भू-धंसाव को लेकर बैठक की। मुख्य सचिव ने चमोली के जिलाधिकारी से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह खाली करवाने के निर्देश दिए।

◆ आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण क्षतिग्रस्त अब तक कुल 723 भवनों को चिन्हित किया है। सुरक्षा को देखते हुए कुल 131 परिवारों को अस्थाई रूप से विस्थापित किया गया है। सचिव आर.मीनाक्षी सुन्दरम ने बताया कि जोशीमठ में अस्थाई रूप 344 राहत शिविर तैयार किए गए हैं।

◆ जोशीमठ आपदा को लेकर मुख्यमंत्री के सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने आज नगर पालिका जोशीमठ में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि प्रभावित परिवारों को तात्कालिक तौर पर 1 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि अंतरिम सहायता के रूप में दी जा रही है।

◆ राजधानी देहरादून में 5G लॉन्च, मुख्यमंत्री ने कहा- 5जी सेवा शुरु होने से छात्रों, कृषि, चिकित्सा जैसे क्षेत्रों को मिलेगा लाभ, रोजगार  के नए अवसर भी सृजित होंगे।

◆ जी-20 सम्मेलन की तैयारी को लेकर अधिकारियों ने ऋषिकेश का किया स्थलीय निरीक्षण ऋषिकेश में मई और जून में होने वाले जी-20 सम्मेलन को लेकर प्रदेश के शहरी विकास अपर निदेशक सहित अधिकारियों ने ऋषिकेश का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

◆ उत्तराखण्ड पुलिस ने किया बड़े साइबर फ्रॉड का खुलासा चाइनीज फ़र्ज़ी लोन एप के माध्यम से 300 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर साईबर क्राईम पुलिस स्टेशन एवं STF ने अभियुक्त अंकुर ढींगरा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।

◆ अंकिता हत्याकांड मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोटद्वार की अदालत ने आज फैसला सुनाया कि अंकिता हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य का नार्को टेस्ट होगा।