उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (4 अप्रैल, मंगलवार, चैत्र , शुक्ल पक्ष, त्रयोदशी, वि. सं. 2080)

Ten

◆ उत्तराखंड में आज फिर मौसम में बदलाव होता रहा। मैदानी क्षेत्रों में सुबह से बादल और सूरज के बीच लुका-छिपी चलती रही। सुबह बादलों ने आसमान को घेर लिया, लेकिन दोपहर में धूप खिल उठी। जबकि, पहाड़ी इलाकों में कई जगह बादल छाए रहने के साथ ही कुछ जगह बारिश और बर्फबारी भी हुई।
◆ लद्दाख में मिशन माउंटेंन विज़ार्ड के दौरान शहीद हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के सहायक सेनानी टीकम सिंह नेगी का आज शाम देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। आज दोपहर उनका पार्थिव शरीर सहसपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचा।
◆ प्रदेश के सैनिक कल्याण, कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। इस दौरान उन्होंने रक्षामंत्री को उत्तराखंड में निर्माणाधीन सैन्यधाम की वर्तमान कार्य प्रगति के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।
◆ कृषि मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से देहरादून-किमाड़ी मोटर मार्ग का चौड़ीकरण कराने का आग्रह करते हुए उन्हें अवगत कराया कि देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग के विकल्प के तौर पर इसका प्रयोग किया जाता है।
◆ भारतीय डाक विभाग ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 14 नए डाकघर खोलने की घोषणा की है। जिसमें देहरादून में पांच, पौड़ी और उत्तरकाशी में दो-दो, बागेश्वर समेत अन्य जिलों में एक-एक डाकघर शामिल है।
◆उत्तराखंड STF ने UKSSSC वन दरोगा भर्ती प्रकरण में हरिद्वार स्थित परीक्षा केन्द्र के संचालक को गिरफ्तार किया।
◆ जेई भर्ती परीक्षा के बाद अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड सहायक अभियंता(एई) भर्ती की परीक्षा भी रद्द कर दी है। इस परीक्षा में हरिद्वार पुलिस ने नौ नकलचियों की पुष्टि की है।
◆ सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से सौंग बांध पेयजल परियोजना के लिए 1774 करोड़ रुपये की विशेष सहायता देने की मांग की। मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर सीएम ने परियोजना के लिए धनराशि देने का आग्रह किया।
◆ चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण सत्यापन के बाद ही दर्शन करने का टोकन दिया जाएगा। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं का सत्यापन चार स्थानों पर किया जाएगा।
◆ अल्मोड़ा पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुक्ति” भिक्षा नहीं शिक्षा दें” अभियान के तहत 12 बच्चों का शिक्षा ग्रहण हेतु राजकीय प्राथमिक विद्यालय एनटीडी, अल्मोड़ा में दाखिला कराया गया, जनपद पुलिस द्वारा प्रचलित अभियान में अब तक 32 बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराया जा चुका है।
◆ वरिष्ठ आइएफएस राजीव भरतरी ने हॉफ का चार्ज ले लिया है। पहले तो ऑफिस स्टाफ ने राजीव भरतरी को दफ्तर की चाबी नहीं दी। सुबह 10 बजे से वन मुख्यालय में चल रही हलचल के बाद दोपहर करीब 1.30 बजे भरतरी ने चार्ज संभाला।