उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (4 फरवरी,शनिवार, माघ, शुक्ल पक्ष, चतुर्दशी, वि. सं. 2079)

Ten

◆ बागेश्वर में पांच दिवसीय थियेटर इन एजूकेशन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न जिलों से आये शिक्षकों को थियेटर के गुर सिखाये जा रहे हैं जिससे वो बच्चों को रचनात्मक तरीके से पढ़ा सके। इस कार्यशाला में आज अंधेर नगरी चौपट राजा और भोजन का सफर नाटक का मंचन किया गया।
◆ आज विश्व कैंसर दिवस है। इस अवसर पर डीजीपी अशोक कुमार ने कैंसर से ग्रसित एक पुलिसकर्मी को इम्यूनोथेरेपी के लिए जीवन रक्षा निधि से 34 लाख 96 हजार की धनराशि उपलब्ध कराई। पुलिसकर्मी या उन पर पूरी तरह से आश्रित परिजन उपचार के लिए जीवन रक्षा निधि का उपयोग कर सकते हैं।
◆ राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में किसान मौसम की गरमाहट के साथ ही आलू की खेती की तैयारी में जुट गए हैं। चम्पावत जिले के विभिन्न स्थानों में आलू की अगेती फसल के लिए खेत तैयार किये जा रहे हैं। कहीं-कहीं आलू की बुआई भी शुरू हो गई है।
◆ रुड़की के कोर विश्वविद्यालय में 23 वीं स्के मार्शल आर्ट राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का समापन हो गया है। प्रतियोगिता में 27 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से 500 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं गोवा की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने प्रदेश में आयुष विभाग के अन्तर्गत आयुर्वेद को मजबूती दिए जाने की आवश्यकता भी जताई है। इसके लिए आयुर्वेद में पंचकर्मा को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऋषिकेश और देहरादून में विश्वस्तरीय पंचकर्मा केन्द्र बनाये जाने चाहिए।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी परिषद यानि यूकॉस्ट के सातवें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह युग आधुनिक तकनीक के साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विकास के लिए केंद्रीय बजट में 5004 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का विशेष आभार जताया है।
◆ पर्यटन और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने टिहरी जिले के तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम घोषित किया।
◆ प्रदेश में न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए भर्ती परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एसटीएफ कार्रवाई करेगी।