◆. केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज संयुक्त रूप से रुद्रपुर के स्पोर्ट स्टेडियम में 9वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि खेल भावना के तहत खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
◆ शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह ने उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देने की भी घोषणा की है।
◆ चमोली जिले में विख्यात माता अनुसूया देवी के मेले का शुभारम्भ कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या का भी आयोजन किया। महिला व युवक मंगल दलों और स्थानीय स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी।
◆ हरिद्वार जिले के स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में खेल महाकुंभ के आठवें दिन अंडर-14 और 17 बालक आयु वर्ग में फुटबॉल की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-21 बालक वर्ग में कबड्डी की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स प्रोजेक्ट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट फॉर 2022-23 की बैठक हुई। जिसमें विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को लेकर व्यय वित्त समिति ने चर्चा की। बैठक के दौरान विभिन्न प्रस्तावों को समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गयी।
◆ पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा संचालित 39 गो सदनों को गोवंश भरण पोषण के लिए 10 करोड़ 48 लाख की धनराशि चेक के माध्यम से वितरित की।
◆ उत्तराखंड नागरिक होमगार्ड सुरक्षा के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई महत्वपूर्ण घोषणा की है। स्थापना दिवस पर रैतिक परेड में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने एक विशेष मोबाइल ऐप को भी लान्च किया।
◆ UKSSSC पेपर लीक मामले में उत्तराखंड पुलिस STF ने अभियुक्त केंद्रपाल के सहयोगी मनोज कुमार चैहान (पशुधन प्रसार अधिकारी) को सहारनपुर, उ.प्र. से किया गिरफ्तार। यह इस प्रकरण में 43वीं गिरफ्तारी है।
◆ नैनीताल में थाना वनभूलपुरा अंतर्गत रात्रि चेकिंग के दौरान उत्तराखंड पुलिस ने संदिग्ध कार को चेक किया जिसमें छोटी-छोटी पुड़ियों में कुल 103.14 ग्राम स्मैक भरा मिला। तस्करी करते बाप-बेटा को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
◆ प्रदेश में अतिथि शिक्षकों के लिए रिक्त 929 पदों को शीघ्र भरने के निर्देश माध्यमिक शिक्षा निदेशक को दिए हैं।