उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (9 फरवरी, गुरुवार, फाल्गुन, कृष्ण,  पक्ष, चतुर्थी, वि. सं. 2079)

Ten


◆ नैनीताल भाजपा जिला कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक आज हल्द्वानी में संपन्न हुई। नैनीताल जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कार्यसमिति में प्रतिभाग करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केन्द्र और राज्य सरकार की जनउपयोगी योजनाओं की जानकारी दी।
◆ उच्च शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत ने कहा है कि प्रदेश के 15 राजकीय और निजी विश्वविद्यालयों में जी-20 सम्मेलन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सेमीनार आयोजित किए जाएंगे।
◆ टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में प्रस्तावित G20 सम्मेलन की तैयारियां जोरो पर हैं। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने आज नरेंद्र नगर क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
◆ रुद्रप्रयाग के जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने श्री केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन को लेकर जिला स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं मार्च तक पूर्ण कर ली जाएं।
◆ मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
◆स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करने के लिए चम्पावत पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल में इमरजेंसी, पैथोलॉजी लैब, महिला वॉर्ड की व्यवस्थाएं जांची और मरीजों से बातचीत भी की। आईसीयू का संचालन न होने पर स्वास्थ्य सचिव ने नाराजगी जताई।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने राज्य के हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड्स की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी हेलीपैड्स और हेलीपोर्ट्स का निर्माण कार्य पूर्ण होने की तिथियां निर्धारित करने के निर्देश दिये।
◆ फ़र्ज़ी बीएएमएस डिग्री प्रकरण में उत्तराखंड पुलिस ने की 14वीं गिरफ्तारी। 07-07 लाख देकर जाली डिग्री खरीदने वाले 02 फ़र्ज़ी डॉक्टरों को देहरादून पुलिस ने किया गिरफ्तार।
◆ भर्ती परीक्षाओं में धांधली की सीबीआई जांच की मांग कर रहे युवाओं का प्रदर्शन बृहस्पतिवार को उग्र हो गया। प्रदर्शन और उपद्रव के दौरान कई युवा बेहोश भी हुए। साथ ही पथराव में कई पुलिसकर्मियों को भी चोट आई।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने आज शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने हेतु विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।