◆ देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह प्रदेश के लिए खुशी कि बात है कि न्याय पंचायत स्तर से शुरू हुआ यह खेल महाकुंभ ब्लॉक स्तर और फिर जिला स्तर से होते हुए अब राज्यस्तर पर आयोजित होने जा रहा है।
◆हरिद्वार, उधमसिंह नगर सहित अन्य स्थानों पर शीतलहर और कोहरे के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। शीतलहर को देखते हुए प्रदेशभर में बनाए गये रैन बसेरो में लोगों के रहने के लिए सभी व्यवस्थाएं जुटाईं जा रही हैं।
◆ रुड़की स्थित आईआईटी के शोधकर्ताओं ने एक स्वस्थ गर्भ स्मार्टफोन एप बनाया है, जो गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले और रियल टाइम चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करेगा। यह ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और उन लोगों के लिए बहुत उपयोगी एप है, जिन्हें आसानी से डॉक्टर उपलब्ध नहीं होते।
◆ देश-प्रदेश में कोविड की आपात तैयारियों की जांच के लिए आज सभी अस्पतालों में राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल की गई। यह ड्रिल कुछ देशों में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए आयोजित की गई है।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज देहरादून में सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए राजभवन के 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने और ठोस कचरा प्रबंधन के लिए कार्ययोजना को लेकर जिलाधिकारियों के साथ चर्चा की। मुख्य सचिव ने प्रदेश में सफाई को लेकर आमजन की सक्रिय भागीदारी के लिए विशेष कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सचिवालय स्तर पर सुशासन पुरस्कार दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आज सचिवालय में सुराज, सुशासन, सरलीकरण और समाधान को लेकर अधिकारियों की बैठक में यह घोषणा की।
◆ मुख्यमंत्री ने आज देहरादून से मसूरी विंटर कॉर्निवाल के अंतर्गत साइकिल रैली का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी विंटर कार्निवाल पर्यटन को बढ़ावा देने वाला उत्सव है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है।
◆ उधम सिंह नगर : शीतलहर के दृष्टिगत भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र, देहरादून द्वारा उत्तराखण्ड के लिए दिनांक 27.122022 से 31.12.2022 तक 05 दिनों का मौसम पूर्वानुमान के द्वारा दिनांक 28.12.2022 को ओरेन्ज अलर्ट जारी किया गया हैं, जिसके दृष्टिगत जनपद के समस्त ऑगनबाड़ी केन्द्र, शासकीय मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 05 तक दिनांक 28.12.2022 (बुधवार) को अवकाश घोषित किया जाता है। समस्त शैक्षणिक एवं मिनिस्ट्रियल कार्मिक विद्यालय समयानुसार अपने विद्यालय में बने रहेंगे।
◆ ऋषिकेश में एम्स रोड पर अवैध तरीके से वोटर आईडी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाए जाने वाले कॉल सेंटर पर एसटीएफ की टीम ने छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।