उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (13 अक्टूबर)…..मुकेश अंबानी ने बदरी केदार मंदिर समिति को पांच करोड़ रुपये दान

Ten

◆ उद्योगपति मुकेश अंबानी ने आज बद्रीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा अर्चना की और भगवान का महाभिषेक किया। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मुकेश अंबानी ने बदरी केदार मंदिर समिति को पांच करोड़ रुपये दान दिया।

◆ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में जुटी हुई है।

◆ आज अल्मोड़ा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश प्रवक्ता जोशी ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पर्वतीय राज्य की जन भावना और मूल धारणा को लेकर समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही थी। इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री तेजी से प्रक्रिया चला रहे हैं।

◆ शिक्षा मंत्री दर्शन सिंह ने आज उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय में अतिथि गृह का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कैम्पस का एक मास्टर प्लान तैयार कर लिया जाये और उसी अनुसार आगे कार्य किया जाये।

◆ परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही 600 बसों की खरीद की जायेगी,जिसमें 150 बसें बीएस-6 मानक की होंगी। आज देहरादून में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में श्री दास ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर रोडवेज की बसों के सुचारू संचालन के लिए बसों की कमी को दूर किया जायेगा।

◆ उत्तरकाशी में द्रोपदी का डांडा हिमस्खलन में लापता दो पर्वतारोहियों के लिए तलाशी अभियान आज भी जारी रहा। खराब मौसम के कारण अभियान रोक दिय गया था। आज आसमान खुलने से अभियान शुरू
कर दिया है।

◆ आज प्रदेशभर में करवा चौथ का त्यौहार परंपरागत तरीके से मनाया जा रहा है। देहरादून में प्रथम महिला गुरमीत कौर ने राजभवन परिवार की महिलाओं के साथ सामूहिक रूप से करवा चौथ का त्यौहार मनाया।

◆ अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज देहरादून में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में सभी बैंक अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदान किए जाने वाले ऋण आवेदनों का त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

◆ कृषि मौसम परामर्श सेवाओं के बारे में किसानों व अन्य हितधारकों को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना के तहत आज आईआईटी रुड़की में एक किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान का लाभ उठाने की बात कही।

◆ चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले स्थानों पर बारिश हो रही है। बर्फबारी और बारिश के चलते जिले में ठंड बढ़ गयी है। जिले में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से जन-जीवन अस्त-व्स्त्त हो गया है।