◆प्रदेश के आई.ए.एस और पी.सी.एस अधिकारी महीने में 1 दिन स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। आज देहरादून में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में फैसला लिया गया कि प्रदेश में 2300 अतिथि शिक्षकों को भर्ती किया जाएगा।
◆ भारत और अमरीका के बीच 18वां संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास इस महीने उत्तराखंड में होगा। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच श्रेष्ठ परिपाटियों, युद्धनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करना है।
◆ बागेश्वर जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बागेश्वर पुलिस की एसओजी टीम ने आज 5 किलोग्राम 788 ग्राम चरस के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत के निवासी है।
◆ मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से जनजातीय समुदायों की शोभा यात्रा का फ्लैग ऑफ किया। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य की जनजातियो के लोगों ने शोभायात्रा निकाली।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज फिक्की फोरम ऑफ पार्लियामेंटेरियन्स द्वारा जापानी दूतावास के सहयोग से आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस मौके पर राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर जापान और उत्तराखण्ड के बीच पार्टनरशिप को बढ़ाने के लिए चर्चा हुई।
◆ मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड बाल संरक्षण आयोग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श बैठक एवं चिल्ड्रन चैंपियन अवार्ड कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाल संरक्षण एवं बाल विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को पुरस्कार प्रदान किया।
◆ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति निवास पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान उपराष्ट्रपति और विधानसभा अध्यक्ष के बीच विभिन्न सम-सामयिक विषयों को लेकर चर्चा हुई।
◆ मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने हेलीपोर्ट्स और हेलीपैड की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को हेलीपोर्ट्स एवं हेलीपैड के निर्माण में तेजी लाने के साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
◆ मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सरकारी स्कूलों की तरह अशासकीय स्कूलों में 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को मुफ्त पाठ्य पुस्तकें भी दी जाएं।
◆ उत्तराखंड के गोल्डन ब्वाय शटलर लक्ष्य सेन को प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। उन्होंने यह अवॉर्ड अपने दादा को समर्पित किया है।
◆ 29 नवंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र देहरादून में शुरू होगा।